जमशेदपुर : शहर में मोबाइल छिनतई की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला जवाहर नगर रोड नंबर-15 का है, जहां काम से घर लौट रही एक युवती से अज्ञात उचक्के मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता और नाराजगी देखी जा रही है. जानकारी के अनुसार, जवाहर नगर रोड नंबर-15 निवासी जगत यादव की पुत्री सुमन कुमारी काम खत्म कर अपने घर लौट रही थीं। वह ब्रह्मा पथ के रास्ते घर जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए अज्ञात बदमाशों ने अचानक उनके हाथ से मोबाइल फोन झपटा और मौके से फरार हो गए. घटना इतनी अचानक हुई कि युवती को संभलने या बदमाशों का पीछा करने का मौका तक नहीं मिला। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस……
घटना की सूचना मिलने के बाद पीड़िता ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में मोबाइल छिनतई और चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और छिनतई की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है. पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।