जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक में गुरुवार सुबह हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े धावा बोलकर सनसनीखेज डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बैंक खुलने के कुछ ही देर बाद हथियारों से लैस अपराधी बैंक के अंदर दाखिल हुए और हथियार के बल पर बैंककर्मियों को बंधक बना लिया। इसके बाद अपराधियों ने बेखौफ अंदाज में बैंक में लूटपाट की और 43 लाख के लगभग नगद तथा सोना लेकर मौके से फरार हो गए।

सुबह करीब 10 बजे बैंक में घुसे अपराधी, हथियार के बल पर मचाया आतंक……
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वारदात गुरुवार सुबह करीब 10 बजे हुई। अपराधियों ने बैंक में प्रवेश करते ही हथियारों के बल पर बैंककर्मियों को अपने कब्जे में ले लिया। देखते ही देखते बैंक परिसर में दहशत का माहौल कायम हो गया। इसके बाद अपराधियों ने बैंक में रखी नकदी और सोने को अपने कब्जे में लिया और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए. लूटी गई संपत्ति की कीमत करोड़ों रुपये होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, बैंक प्रबंधन और पुलिस की ओर से फिलहाल लूटी गई नगद और सोने की मात्रा अथवा कुल कीमत का आधिकारिक आकलन जारी नहीं किया गया है। बैंक के रिकॉर्ड और स्टॉक का मिलान होने के बाद ही वास्तविक नुकसान का खुलासा हो सकेगा।
दिनदहाड़े डकैती से पुलिस महकमे में हड़कंप……
बैंक में हथियारबंद डकैती की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरीय पुलिस अधिकारी और गोलमुरी थाना की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बैंक परिसर को खंगालने के साथ बैंककर्मियों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अपराधी किस रास्ते से बैंक में दाखिल हुए, वारदात को किस तरीके से अंजाम दिया और घटना के बाद किस दिशा में फरार हुए।
CCTV बना जांच का अहम आधार, अपराधियों की तलाश में जुटी कई टीमें…….
पुलिस बैंक के अंदर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए अपराधियों के हुलिए, उनकी गतिविधियों और फरार होने के रास्ते की जानकारी जुटाई जा रही है. अपराधियों की पहचान और उनके संभावित ठिकानों तक पहुंचने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें काम कर रही हैं। आसपास के इलाकों में भी संदिग्ध गतिविधियों और संभावित भागने के रास्तों की जांच की जा रही है।
कितने थे अपराधी? CCTV और बयानों से खुलेगा राज…..
प्रारंभिक सूचनाओं में अपराधियों की संख्या को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आ रही है। पुलिस फिलहाल बैंककर्मियों के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की वास्तविक संख्या की पुष्टि करने में जुटी है।
कितना नगद और कितना सोना लूटा, जांच के बाद होगा खुलासा…..
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल बैंक से लूटी गई संपत्ति की वास्तविक मात्रा को लेकर है। कितना नगद और कितना सोना अपराधी लेकर गए, इसका स्पष्ट आकलन बैंक के रिकॉर्ड और स्टॉक का मिलान पूरा होने के बाद ही सामने आएगा. दिनदहाड़े बैंक में हथियारबंद डकैती की इस वारदात ने गोलमुरी समेत पूरे जमशेदपुर में सनसनी फैला दी है। पुलिस अब अपराधियों की पहचान, गिरफ्तारी और लूटी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए तेजी से कार्रवाई में जुटी है।