गिरिडीह : नगर थाना परिसर में एक युवक के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन क्लोज कर दिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है. जानकारी के अनुसार, 7 सितंबर की रात नगर थाना में एक युवक के साथ कथित तौर पर मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे। मामला चर्चा में आने के बाद वरीय पुलिस अधिकारियों ने इसकी गंभीरता से जांच शुरू कर दी।

वायरल वीडियो ने बढ़ाई पुलिस महकमे की चिंता…..
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक के साथ कथित मारपीट का दृश्य दिखाई दे रहा है। हालांकि, वीडियो की सत्यता और घटना की पूरी परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और पुलिस विभाग ने भी इसे गंभीरता से लिया।
थाना प्रभारी लाइन क्लोज….
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. विमल कुमार ने नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन क्लोज करने का आदेश दिया। एसपी की इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
जांच के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई……
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच के दौरान वायरल वीडियो की सत्यता, घटना की वास्तविक परिस्थितियों और कथित मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका समेत अन्य बिंदुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. एसपी की कार्रवाई के बाद अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि नगर थाना में युवक के साथ कथित मारपीट की घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी भूमिका थी।