जमशेदपुर। आदिवासी हो समाज युवा महासभा की ओर से नेशनल हो यूथ मीट (NHYM) 2026 का भव्य आयोजन 28 एवं 29 नवंबर को बिरसा मुंडा टाउन हॉल, सिदगोड़ा में किया जाएगा। इसे लेकर रविवार को गोलमुरी स्थित आदिवासी हो समाज भवन में केंद्रीय उपाध्यक्ष सुरा बिरुली की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में सम्मेलन की तैयारियों और रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

सुरा बिरुली ने बताया कि इस वर्ष का दो दिवसीय राष्ट्रीय युवा सम्मेलन कई मायनों में विशेष होगा। आयोजन की पूरी जिम्मेदारी जेन-जी और मिलेनियल्स युवा महिलाओं को सौंपी गई है। आयोजन समिति में सुश्मिता बिरुवा अध्यक्ष, निकिता सोय उपाध्यक्ष, शांति सिदू महासचिव, वीणा दिग्गी एवं रोशनी बोईपाई सचिव तथा सरस्वती सावैयाँ कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से हो समाज के युवा, डॉक्टर, इंजीनियर, प्रोफेसर, साहित्यकार, न्यायिक क्षेत्र से जुड़े लोग, बुद्धिजीवी और सेवानिवृत्त अधिकारी शामिल होंगे। सम्मेलन में ओपन स्टेज के माध्यम से युवाओं को समाज के वर्तमान और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखने का अवसर दिया जाएगा। दो दिनों के सम्मेलन में रोजगार, स्किल डेवलपमेंट, उद्यमिता और स्टार्टअप, मानकी-मुंडा एवं ग्राम व्यवस्था, पांचवीं अनुसूची और पेसा कानून, हो भाषा, शिक्षा, महिला भागीदारी और सांस्कृतिक पहचान जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
युवा महासभा के जिला उपाध्यक्ष रवि सावैयाँ ने कहा कि यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हो युवाओं की एकजुटता और संवाद का राष्ट्रीय मंच है। युवाओं को केवल सुनने तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलेगा। बैठक में रवि सावैयाँ, अजय बिरुली, समीर कलुण्डिया, सोना हांसदा, लक्ष्मी पुरती, मनोज हेम्ब्रोम, निरल हेम्ब्रोम, आरके केराई, साधु बानरा, गीता गोडसोरा, मुन्ना गागराई, सन्नी बारी, मनीष बानरा, लाडू देवगम, शिल्पा सुंडी, राजीव सोय, सीता कण्डेयोंग, सिकंदर जोंको, बर्लिन बोदरा और बीर सिंह हेम्ब्रोम समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।
