जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित LIC की बहुमंजिला बिल्डिंग में आधी रात के बाद अचानक भीषण आग लग गई। आग बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर लगी, जहां से देर रात तक तेज लपटें और घना धुआं उठता रहा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, रात करीब 2 बजे के बाद सुरक्षा कर्मियों ने LIC बिल्डिंग की चौथी मंजिल से आग और धुआं निकलते देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

आग की भयावहता को देखते हुए झारखंड अग्निशमन विभाग के साथ टाटा स्टील के अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। करीब चार दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। लगभग तीन घंटे तक लगातार मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सका। बताया जा रहा है कि जिस चौथी मंजिल पर आग लगी, वहां कॉन्फ्रेंस हॉल स्थित है। घटना की जानकारी मिलने के बाद LIC के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। आग से हुए नुकसान का वास्तविक आकलन आग पूरी तरह शांत होने के बाद बिल्डिंग का निरीक्षण किए जाने पर ही हो सकेगा।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग से बिल्डिंग के चौथी मंजिल स्थित हिस्से और वहां रखे सामान को कितना नुकसान हुआ है, इसका पूरा आकलन जांच के बाद सामने आएगा।
