जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरियाबेड़ा गांव में गणेश पूजा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में तीन विधि-विरुद्ध बालकों को भी निरुद्ध किया गया है। घटना 18/19 सितंबर 2026 की रात विसर्जन जुलूस के दौरान हुई थी. घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से एमजीएम थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी। पुलिस ने दोनों मामलों को काउंटर केस के रूप में दर्ज करते हुए कांड संख्या 110/2026 और 111/2026, दोनों दिनांक 19 सितंबर 2026 को दर्ज किए। दोनों मामलों में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

कांड संख्या 110/2026 में तीन गिरफ्तार…..
पुलिस के अनुसार, कांड संख्या 110/2026 के अनुसंधान के दौरान तुरियाबेड़ा नेपाली बस्ती निवासी रूपेश रजक उर्फ टोनू रजक (20), गोलू साव उर्फ गोलू कुमार (21) और राहुल साव (28) को गिरफ्तार किया गया।
दूसरे मामले में चार आरोपी दबोचे गए……
वहीं, कांड संख्या 111/2026 में पुलिस ने राजू महतो (23), मोनू कुमार (20), निखिल राजपूत (20) और बुद्धेश्वर गोराई उर्फ गोलू (21) को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा मामले में तीन विधि-विरुद्ध बालकों को भी पुलिस ने निरुद्ध किया है. पुलिस का कहना है कि दोनों कांडों के अनुसंधान के दौरान सामने आए तथ्यों और आरोपों के आधार पर गिरफ्तारी एवं विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध करने की कार्रवाई की गयी है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है, जबकि निरुद्ध किए गए तीनों विधि-विरुद्ध बालकों के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
