जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गए। वारदात बाल विहार, कुंज नगर स्थित काली मंदिर के पास की बताई जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. जानकारी के अनुसार, महिला काली मंदिर के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो उचक्कों ने उसे निशाना बनाया। महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले ही बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने उसके गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश तेज रफ्तार बाइक से मौके से फरार हो गए।

देखें वीडियो………
अचानक हुई घटना से महिला ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर जुटे और बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों काफी दूर निकल चुके थे. घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए बाइक सवार बदमाशों की पहचान में अहम सुराग मिल सकते हैं।
पुलिस घटनास्थल के आसपास आने-जाने वाले रास्तों और संभावित रूट की भी जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है. दिनदहाड़े महिला से चेन झपटमारी की घटना ने एक बार फिर शहर में महिलाओं की सुरक्षा और पुलिस की गश्ती व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
