जमशेदपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) मानगो नगर निगम क्षेत्र समिति के तत्वावधान में मानगो गांधी मैदान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उपस्थित जदयू नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सामाजिक समरसता एवं जनसेवा के विचारों को स्मरण किया।

इस अवसर पर विधायक सरयू राय ने कहा कि महात्मा गांधी केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए सत्य और अहिंसा के प्रेरणास्रोत हैं। गांधी जी के विचार आज भी समाज और देश को सही दिशा देने में प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम उनके विचारों को अपने आचरण और सामाजिक जीवन में उतारें। जदयू नेताओं ने कहा कि गांधी जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना और समाज में शांति, सद्भाव एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करना आज की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में जदयू जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, कुलविंदर सिंह पन्नू, पप्पू सिंह, प्रवीण सिंह, नित्यानंद सिन्हा, विनोद सिंह, आकाश शाह, विकास साहनी, संजीव सिंह, प्रेम सक्सेना, दीपक गौड़, लालू गौड़, संजय सिंह, अरुण श्रीवास्तव, योगेंद्र साहू, सागर दत्ता, परविंदर राम, संतोष चौहान, पवन सिंह, शिरीन अख्तर, अभिजीत सेनापति, सत्येंद्र कुमार, राहुल तिवारी, वीरेंद्र सिंह एवं भवानी सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
