घाटशिला : घाटशिला थाना क्षेत्र के चापड़ी गांव में 28 वर्षीय दिव्यांग महिला के साथ दुष्कर्म के प्रयास और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कुश गोराई (27) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. पुलिस के अनुसार, घटना 29 सितंबर की शाम करीब 5:30 बजे की है। महिला शौच के लिए मैदान की ओर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान कुश गोराई ने उसे झाड़ी के पास अकेला पाकर मुंह दबाया और जमीन पर गिराकर दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी भाग निकला। आरोप है कि भागते समय उसने पुलिस में शिकायत करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।

मामले में पीड़िता की मां की शिकायत पर 1 अक्टूबर को घाटशिला थाना कांड संख्या 58/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मामले की जांच एसआई प्रेम कुमार निषाद कर रहे हैं। पहचान की गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए पीड़िता और उसकी मां की पहचान उजागर नहीं की गई है।
