तिरुपति (आंध्र प्रदेश) : आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले के श्री सिटी औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार को एक निजी कंपनी में पानी का बॉयलर फटने से दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि करीब 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका अस्पताल में इलाज जारी है. पुलिस के अनुसार, शनिवार को कंपनी परिसर में पानी का बॉयलर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायलों ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। झुलसे और घायल कर्मचारियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से झुलसे कुछ लोगों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है. फिलहाल बॉयलर फटने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और संबंधित अधिकारी हादसे के कारणों की जांच में जुटे हैं। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बॉयलर में तकनीकी खराबी थी या सुरक्षा व्यवस्था में किसी स्तर पर चूक हुई।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक…..
हादसे की जानकारी मिलने के बाद आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए संबंधित अधिकारियों को घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता और मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल……
हादसे के बाद कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों में घटना को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके. फिलहाल प्रशासन और पुलिस की जांच पर सबकी नजर है। हादसे की वास्तविक वजह सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि आखिर इतनी बड़ी दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।