जमशेदपुर : कहासुनी की चिंगारी कब हिंसा की आग बन जाए, इसका अंदाजा शायद दोनों कारोबारियों को भी नहीं था। बिष्टुपुर के लोयोला स्कूल के पास 1 अक्टूबर को दो कारोबारियों के बीच हुई मारपीट ने इलाके में सनसनी फैला दी। आरोप है कि एक कारोबारी ने क्रिकेट बैट से दूसरे कारोबारी की सरेआम पिटाई कर दी। घटना में पीड़ित कारोबारी घायल हो गया। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बताया जाता है कि दोनों कारोबारियों के बीच 30 सितंबर को बिष्टुपुर स्थित यूनाइटेड क्लब में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन अगले ही दिन विवाद ने नया रूप ले लिया।

जानकारी के अनुसार, 1 अक्टूबर को दोनों कारोबारी जब लोयोला स्कूल के पास पहुंचे, तो पुरानी कहासुनी फिर सामने आ गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि एक कारोबारी ने क्रिकेट बैट उठाकर दूसरे पर हमला कर दिया। सड़क पर हुई इस मारपीट को किसी ने कैमरे में कैद कर लिया, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है।
घटना के बाद घायल कारोबारी ने बिष्टुपुर थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों कारोबारी बिष्टुपुर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं. पुलिस मामले से जुड़े वीडियो और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
