जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में अवैध जुआ के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से कुल 7 लाख 67 हजार 400 रुपये नकद और 16 स्मार्टफोन बरामद किए हैं। जब्त मोबाइल फोन में एक आईफोन भी शामिल है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में जुआ खेलने और खिलाने वालों के बीच हड़कंप मच गया है।
प्रकाश नगर में चल रहा था जुआ का अड्डा……
पुलिस के अनुसार, बिरसानगर थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर स्थित प्रताप सिंह के घर में बड़े पैमाने पर जुआ खेलने और खिलाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर 25 अक्टूबर 2026 को पुलिस टीम ने उक्त मकान में छापेमारी की। इस दौरान मौके पर जुआ खेल रहे 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया. प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली कि संबंधित स्थान पर लंबे समय से जुआ खेलने की गतिविधियां संचालित हो रही थीं। यहां आसपास के विभिन्न इलाकों से भी लोग जुआ खेलने पहुंचते थे।
बेड से मिले 48,500 रुपये, कुल नकदी 7.67 लाख……
छापेमारी के दौरान पुलिस ने जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही नकदी और मोबाइल फोन जब्त किए। पुलिस द्वारा जारी विवरण के मुताबिक, प्रताप सिंह के घर में बेड से 48,500 रुपये नकद बरामद हुए, जबकि शेष राशि गिरफ्तार आरोपियों के पास से मिली। पुलिस ने कुल 7,67,400 रुपये नकद बरामद होने की पुष्टि की है. इसके अलावा अलग-अलग कंपनियों के 16 स्मार्टफोन भी जब्त किए गए हैं। इनमें एक आईफोन भी शामिल है। पुलिस अब बरामद सामान और जुआ गतिविधियों से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
कई इलाकों के निवासी गिरफ्तार…..
गिरफ्तार आरोपियों में बिरसानगर के अलावा आदित्यपुर, जुगसलाई, कदमा, गोविंदपुर, परसुडीह समेत अन्य क्षेत्रों के निवासी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की उम्र लगभग 26 से 56 वर्ष के बीच है।
जुआ के खिलाफ अभियान जारी……
इस कार्रवाई में जमशेदपुर पुलिस के अधिकारियों और विभिन्न थानों की पुलिस टीम ने हिस्सा लिया। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस जुआ अड्डे का संचालन कब से हो रहा था और इससे जुड़े अन्य लोग कौन हैं. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। इस कार्रवाई को शहर में गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


