श्रीनगर : अमरनाथ यात्रा के दौरान मंगलवार सुबह श्रद्धालुओं से भरी एक बस जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क किनारे गहरी ढलान में पलट गई। हादसे में करीब 30 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पुलिस के अनुसार, बस (नंबर AR-11D-5655) में लगभग 50 श्रद्धालु सवार थे, जो बालटाल बेस कैंप से श्रीनगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गंड के हरि गनीवान क्षेत्र स्थित एस-मोड़ (S-Turn) के पास चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे बस सड़क किनारे लगभग 20 से 25 मीटर नीचे ढलान में लुढ़कते हुए एक मकान की छत पर जाकर रुक गई. घटना की सूचना मिलते ही गंड थाना पुलिस, आईटीबीपी, सीआरपीएफ की 118वीं बटालियन, 2 असम राइफल्स, 21 राष्ट्रीय राइफल्स (RR), यात्रा पुलिस तथा स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। एसएचओ रईस अहमद के नेतृत्व में सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की मदद से कंगन अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राथमिक जांच में हादसे में करीब 30 यात्रियों को मामूली चोटें आने की पुष्टि हुई है। सभी घायलों का उपचार और चिकित्सकीय परीक्षण कंगन अस्पताल में कराया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार अधिकांश श्रद्धालुओं की हालत स्थिर है. पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। समय रहते सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया।
