‘ऑपरेशन जीरो टॉलरेंस’ के तहत पुलिस की कार्रवाई, विन्सेरेक्स कफ सिरप की पांच बोतलें बरामद, दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के नेतृत्व में अपराध और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन जीरो टॉलरेंस’ के तहत आजादनगर थाना पुलिस ने नशीले कफ सिरप की कथित खरीद-बिक्री के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से विन्सेरेक्स (WINCEREX) कफ सिरप की पांच बोतलें बरामद की हैं। प्रत्येक बोतल में 100 मिलीलीटर सिरप था।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई आजादनगर थाना क्षेत्र में शिया मस्जिद के पास की गई। इस दौरान कथित रूप से कफ सिरप की अवैध खरीद-बिक्री में शामिल अली रजा उर्फ शहजादा (33), निवासी गरीब नवाज कॉलोनी, और मोहम्मद नौशाद खान उर्फ लालू (46), निवासी क्रॉस रोड नंबर-12, शिया मस्जिद के पास, जाकिरनगर, को गिरफ्तार किया गया।
### NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज……
इस मामले में आजादनगर थाना कांड संख्या 83/26, दिनांक 24 अक्टूबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(b)/29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
### नशे के कारोबार पर पुलिस की नजर……
वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन जीरो टॉलरेंस’ का उद्देश्य अपराध और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाना है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नशीले पदार्थों की कथित खरीद-बिक्री से जुड़े मामलों पर निगरानी को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।


