सीसीटीवी से होगी निगरानी, फेक न्यूज और AI जनरेटेड वीडियो से सतर्क रहने की अपील
जमशेदपुर : दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था एवं आवश्यक तैयारियों को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में पेश-ए-इमाम तथा मस्जिदों के अध्यक्ष एवं सचिवों के साथ बैठक हुई। बैठक में पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।

बैठक में मस्जिदों के प्रतिनिधियों ने जनसुविधा और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कई सुझाव दिए। विसर्जन घाटों पर गोताखोरों की तैनाती, साफ-सफाई, बिजली एवं पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी निगरानी, ड्रॉप गेट, भीड़ प्रबंधन तथा असामाजिक तत्वों पर नजर रखने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिला प्रशासन ने दुर्गापूजा को लेकर की जा रही तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी भी दी।
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, साफ-सफाई और सुचारू यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
उपायुक्त ने विशेष रूप से युवाओं से संयमित व्यवहार रखने की अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी सूचना को बिना सत्यापन के सही न मानें और न ही उसे आगे साझा करें। उन्होंने AI से बनाए गए फेक वीडियो, एडिटेड वीडियो एवं भ्रामक तस्वीरों से भी सतर्क रहने की अपील की। किसी संदिग्ध या भ्रामक सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन या पुलिस को देने को कहा गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने कहा कि दुर्गापूजा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रहेगी। एसएसपी ने पेश-ए-इमाम एवं मस्जिद प्रतिनिधियों से अपने स्तर पर लोगों को जागरूक करने की अपील की कि वे सोशल मीडिया पर वायरल किसी भी खबर, वीडियो या संदेश पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें और उसे फॉरवर्ड न करें। उन्होंने कहा कि अफवाह, संदिग्ध गतिविधि या किसी अप्रिय स्थिति की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस अथवा जिला प्रशासन को सूचित करें।
बैठक में पूजा एवं विसर्जन के दौरान प्रभावी भीड़ प्रबंधन, प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, विसर्जन घाटों पर सुरक्षा इंतजाम एवं गोताखोरों की उपलब्धता, साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। प्रशासन ने आम नागरिकों से दुर्गापूजा को आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाने तथा अफवाहों और असत्यापित सोशल मीडिया सामग्री से दूर रहने की अपील की।
