जमशेदपुर। अखिल भारतीय गोंड आदिवासी संघ, जमशेदपुर के जिला अध्यक्ष दिनेश साह के नेतृत्व में बर्मामाइंस गुरुद्वारा मैदान में वीरांगना महारानी रानी दुर्गावती की जयंती श्रद्धा, सम्मान एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ महारानी रानी दुर्गावती के चित्र पर धूप-दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। उपस्थित सभी पदाधिकारियों, महिला समिति, युवा समिति एवं समाज के सदस्यों ने वीरांगना रानी दुर्गावती के शौर्य, त्याग, स्वाभिमान और बलिदान को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान समाज की एकता, संगठन एवं संस्कृति को सशक्त बनाने पर बल दिया गया। इसके उपरांत अखिल भारतीय गोंड आदिवासी संघ, ग्राम समिति मनोहरपुर (पत्थरबासा) द्वारा आयोजित विराट महारानी रानी दुर्गावती जयंती समारोह में भाग लेने के लिए जमशेदपुर से प्रतिनिधिमंडल खुशी-खुशी रवाना हुआ।
मनोहरपुर पत्थरबासा में आयोजित इस विराट समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में श्री तिरुमाल रविनारायण नायक, ग्राम विकास एवं पेयजल मंत्री, उड़ीसा सरकार तथा गोंडवाना गोंड महासभा, उड़ीसा के प्रदेश अध्यक्ष उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में देवेन्द्र प्रसाद सिंह, राज्यसभा सांसद (छत्तीसगढ़), अखिल भारतीय गोंड आदिवासी संघ के प्रदेश अध्यक्ष गुरुचरण नायक जी तथा जमशेदपुर के जिला अध्यक्ष दिनेश साह जी समारोह की गरिमा बढ़ाएंगे।
जमशेदपुर से रवाना हुए प्रतिनिधिमंडल में दिनेश साह, उमेश साह, रामानंद प्रसाद, मनोज कुमार, रामेश्वर प्रसाद, रामबचन ठाकुर, दिलीप प्रसाद, महिला समिति की अध्यक्ष श्रीमती नीतू कुमारी, अंबे ठाकुर, मंजू देवी, अंजू देवी सहित अन्य लोग पहुंचे।
संवाददाता। सोहन साह
