जमशेदपुर : नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, आदित्यपुर में अत्याधुनिक कैथ लैब में पहली कोरोनरी एंजियोग्राफी सफलतापूर्वक की गई। 81 वर्षीय मरीज लखन साव की यह प्रक्रिया वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. बिमलेन्दु कुमार एवं उनकी टीम ने पूरी की. चतरा निवासी और वर्तमान में गोविंदपुर में रह रहे लखन साव सीने में दर्द और बेचैनी की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे थे। उनकी उम्र और स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने एंजियोग्राफी का निर्णय लिया। आधुनिक तकनीक की मदद से प्रक्रिया बिना किसी जटिलता के पूरी हुई और मरीज की स्थिति स्थिर बताई गई।

डॉ. बिमलेन्दु कुमार ने बताया कि अधिक उम्र में कार्डियक प्रक्रिया के दौरान विशेष सतर्कता जरूरी होती है। कैथ लैब में आधुनिक तकनीक और डिजिटल इमेजिंग की मदद से प्रक्रिया सुरक्षित तरीके से पूरी की गई. अस्पताल के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने कार्डियोलॉजी टीम को बधाई देते हुए कहा कि अब क्षेत्र के मरीजों को एंजियोग्राफी व अन्य हृदय संबंधी उपचार के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार यहां 24 घंटे इमरजेंसी कार्डियक केयर, प्राइमरी एंजियोप्लास्टी और पेसमेकर प्रत्यारोपण की सुविधा भी उपलब्ध है।
