जमशेदपुर : जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय परिसर में वर्षा और तेज धूप से बचाव के लिए मार्ग पर उपरिगामी टीन शेड का निर्माण होने पर वरीय अधिवक्ता संजीत कुमार गुप्ता ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए माननीय जिला जज एवं न्यायालय प्रशासन के प्रति आभार जताया है। इस सुविधा के निर्माण के लिए संजीत कुमार गुप्ता ने पहल करते हुए माननीय जिला जज को निवेदन पत्र सौंपा था और लगातार इसके निर्माण के लिए प्रयासरत थे। उनके इस प्रयास के फलस्वरूप अब न्यायालय परिसर में आने-जाने वाले अधिवक्ताओं एवं वादकारियों को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से राहत मिलेगी।

वरीय अधिवक्ता संजीत कुमार गुप्ता न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं और वादकारियों की सुविधाओं के विस्तार को लेकर लगातार सक्रिय रहे हैं। इससे पूर्व भी उन्होंने वाहन स्टैंड में फर्श एवं पेवर्स ब्लॉक बिछाने, लिफ्ट के सुचारु परिचालन सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए पत्राचार कर संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया है। न्यायालय परिसर में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए उनकी निरंतर पहल और प्रयासों का उद्देश्य अधिवक्ताओं एवं वादकारियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है। टीन शेड का निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
