जमशेदपुर : पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के सबंग में 10 अक्टूबर को आयोजित ऑल बंगाल बेंच प्रेस एवं डेडलिफ्ट चैंपियनशिप 2026 में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। झारखंड पावरलिफ्टिंग ऑर्गनाइजेशन के स्टेट सेक्रेटरी कन्हैया कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रतियोगिता में उतरी 15 सदस्यीय टीम ने कुल 48 पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया। टीम ने 23 स्वर्ण, 18 रजत और 7 कांस्य पदक अपने नाम किए. प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने ताकत, तकनीक और अनुशासन का बेहतरीन प्रदर्शन किया। विभिन्न श्रेणियों में शानदार प्रदर्शन के साथ टीम ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

### प्रमुख खिताबों पर भी झारखंड का कब्जा……
चैंपियनशिप में दीपशिखा कुमारी ने स्ट्रॉन्ग वुमन, जबकि कन्हैया कुमार सिंह ने स्ट्रॉन्ग मैन का खिताब हासिल किया। वहीं, महेश मिश्रा ने मास्टर्स बेंच प्रेस स्ट्रॉन्ग मैन और मनीष कुमार चौहान ने मास्टर्स डेडलिफ्ट स्ट्रॉन्ग मैन का खिताब जीतकर झारखंड का मान बढ़ाया।
### खिलाड़ियों की मेहनत रंग लाई….
कन्हैया कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम की इस उपलब्धि को झारखंड में पावरलिफ्टिंग के बढ़ते प्रभाव और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का परिणाम माना जा रहा है। 15 सदस्यीय टीम द्वारा 48 पदक जीतना राज्य में बेंच प्रेस और डेडलिफ्ट जैसे शक्ति-आधारित खेलों की संभावनाओं को भी दर्शाता है. झारखंड पावरलिफ्टिंग ऑर्गनाइजेशन ने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी पदक विजेताओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
