जमशेदपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा, जमशेदपुर महानगर की ओर से घाघीडीह क्षेत्र में बुजुर्गों एवं जरूरतमंदों के बीच मच्छरदानी का वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के साथ उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है. इस अवसर पर भाजयुमो के जिला अध्यक्ष नीतिश कुशवाहा ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी सेवा, सम्मान और देखभाल करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान देखकर मिलने वाला संतोष किसी भी सम्मान से बढ़कर है।

उन्होंने बताया कि अपने आवासीय कार्यालय के माध्यम से बुजुर्गों और जरूरतमंदों की सहायता के लिए लगातार सेवा कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा और समर्पण के रूप में मनाते हुए ‘सेवा ही संगठन है’ के मंत्र को धरातल पर उतारना ही अभियान का मुख्य उद्देश्य है. नीतिश कुशवाहा ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध है। जरूरतमंदों की सहायता और समाज में मानवीय मूल्यों को मजबूत करने के लिए भविष्य में भी इस तरह के सेवा कार्य जारी रहेंगे।
