जमशेदपुर : कदमा शास्त्री नगर पूजा कमिटी एवं सोनारी सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति के भव्य दुर्गा पूजा पंडालों का पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने पंडालों की आकर्षक सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।

बन्ना गुप्ता ने कहा कि पंडाल में बुजुर्गों और महिलाओं के लिए मां दुर्गा के दर्शन की बेहतर व्यवस्था की गई है। उन्होंने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और शहरवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि मां दुर्गा के स्मरण से मन को शक्ति और शांति मिलती है। उन्होंने जमशेदपुरवासियों से सपरिवार भक्तिमय माहौल में दुर्गोत्सव मनाने की अपील करते हुए कामना की कि मां दुर्गा सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, सफलता और शांति प्रदान करें।
