नीमडीह (सरायकेला-खरसावां) : दलमा जंगल की तलहटी में बसे चालियामा गांव (जाड़ुखल बांग्ला) में शारदीय दुर्गा पूजा का शुभारंभ श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। श्री श्री सार्वजनीन दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से आयोजित पूजा पंडाल का उद्घाटन ईचागढ़ विधायक सविता महतो और भाजपा जिला मंत्री पप्पू वर्मा (रुपेश वर्मा) ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

इस दौरान कमेटी के सदस्यों ने पप्पू वर्मा को माता दुर्गा का पट्टा और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। उन्हें झारखंड की लोकसंस्कृति की पहचान छऊ नृत्य में प्रयुक्त होने वाला मां दुर्गा का मुखौटा भी भेंट किया गया. समारोह को संबोधित करते हुए पप्पू वर्मा ने कहा कि दशाई नृत्य और दुर्गा पूजा का गहरा सांस्कृतिक संबंध है। उन्होंने लोगों से आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ त्योहार मनाने की अपील करते हुए मां दुर्गा से क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
**मंदिर में बच्ची को गोद में लेकर जताई श्रद्धा**
कार्यक्रम के दौरान मंदिर में पप्पू वर्मा ने एक छोटी बच्ची को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर स्नेहपूर्वक गोद में उठा लिया। इस भावुक दृश्य ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया और माहौल भक्तिमय हो उठा. कार्यक्रम में पूर्व जिला परिषद सदस्य अनीता पारित, पूर्व मुखिया हरिपद सिंह, बिपुल सिंह, बुलेट नाग, शंभू मंडल, मुक्तिपद दास, तरापद रजक, जगदीश सिंह सहित पूजा कमेटी के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
