नेमरा में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूरे किए अनुष्ठान, संस्कार भोज की तैयारियों की स्वयं कर रहे निगरानी
रामगढ़/नेमरा। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को रामगढ़ जिले के अपने पैतृक गांव नेमरा में अपनी पूजनीय माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के दशकर्म संस्कार की सभी पारंपरिक रस्में श्रद्धा और विधि-विधान के साथ संपन्न कीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों, परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों के साथ सामाजिक परंपराओं एवं स्थानीय रीति-रिवाजों के अनुरूप धार्मिक अनुष्ठान पूरे किए। दशकर्म संस्कार के अवसर पर परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। सभी ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार आयोजित अनुष्ठानों में भाग लिया और दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की।

नेमरा में शुभचिंतकों के पहुंचने का सिलसिला जारी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता के निधन के बाद उनके पैतृक आवास नेमरा में रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले लोगों का लगातार पहुंचना जारी है। लोग मुख्यमंत्री एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। साथ ही, स्वर्गीय रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
संस्कार भोज की तैयारियां पूरी, मुख्यमंत्री स्वयं संभाल रहे व्यवस्था
स्वर्गीय रूपी सोरेन की स्मृति में आयोजित होने वाले संस्कार भोज को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में शामिल होने वाले रिश्तेदारों, शुभचिंतकों, ग्रामीणों और अन्य आगंतुकों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं तैयारियों और व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भोजन, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था और पंडाल की समुचित व्यवस्था की गई है।
सुचारु आवागमन और सुरक्षा के लिए प्रशासन सतर्क
संस्कार भोज के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने भी आवश्यक तैयारियां की हैं। कार्यक्रम स्थल के आसपास विधि-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात संचालन सुचारु रखने और वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
लोकतंत्र सवेरा
खबर या विज्ञापन के लिए संपर्क करें : 6200626634
