नीमडीह : नीमडीह प्रखंड के आदर्श ग्राम झिमड़ी सोलआना में शारदीय दुर्गा पूजा के अवसर पर महानवमी को झुमुर संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम दुर्गा मंदिर प्रांगण में हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान भाजपा जिला मंत्री पप्पू वर्मा उर्फ रुपेश वर्मा ने बच्चों की शिक्षा पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि शहीद निर्मल महतो के सपनों का झारखंड तभी बनेगा, जब गांव के बच्चे पढ़-लिखकर सीओ, बीडीओ जैसे महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचेंगे। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देने और युवाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने की अपील की. पप्पू वर्मा ने कहा कि क्षेत्र में किसी के साथ अन्याय होने पर भाजपा उसके साथ खड़ी रही है। उन्होंने समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि मिलकर हर चुनौती का सामना किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र से उनका पुराना जुड़ाव है और वे पिछले 28 वर्षों से राजनीति में सक्रिय हैं।


