जमशेदपुर : शहर के व्यस्त साकची इलाके में सोमवार देर रात करीब 12 बजे उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बसंत टॉकीज के समीप भाजपा कार्यालय के सामने कार सवार पांच युवकों ने जमकर हंगामा किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक नशे की हालत में थे। आरोप है कि उन्होंने सड़क से गुजर रहे राहगीरों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा लोगों को डराकर उनसे उलझने लगे। करीब 20 मिनट तक सड़क पर हंगामे की स्थिति बनी रही।
### पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश…….
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर पुलिस का पीसीआर वाहन खड़ा था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, तो कार सवार युवकों ने वहां से भागने की कोशिश की। इस दौरान उनकी कार की चपेट में आने से सड़क पर खड़े कई वाहनों को टक्कर लगने की बात सामने आई है।
### स्थानीय लोगों की मदद से पांचों पकड़े गए……..
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से कार सवार युवक भागने में सफल नहीं हो सके। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने पर सभी पांच युवकों को पकड़ लिया गया। बताया जाता है कि हिरासत में लिए जाने के दौरान युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी उलझने की कोशिश की।

