जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर-3 स्थित विजय गार्डेन के पास मिठाई दुकान और जिम में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए राहुल सामड (22) को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक विधि विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 को श्रेष्ठम स्वीट्स और टॉम जिम में ताला व शीशा तोड़कर चोरी की घटना के संबंध में बिरसानगर थाना कांड संख्या 70/2026 दर्ज किया गया था। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा. गिरफ्तार आरोपियों के पास से चार स्मार्टफोन, एक टाइटन कंपनी की कलाई घड़ी, एक लेनोवो लैपटॉप, एवररेडी टॉर्च, खजूर और चॉकलेट के पैकेट, कांसे की पूजा थाली समेत अन्य सामान बरामद किया गया। इसके अलावा ताला काटने का कटर, इलेक्ट्रिक कटर मशीन, प्लास, हथौड़ी, साबल, रेंच, पेचकस, ताला तोड़ने वाली रॉड और घटना में प्रयुक्त चप्पल भी जब्त की गई।
पुलिस की पूछताछ में जून 2026 में जोन नंबर-4 स्थित एक सीमेंट दुकान में हुई चोरी का भी खुलासा हुआ। उस मामले में चोरी हुए दो स्मार्टफोन भी बरामद कर लिए गए हैं. पुलिस के अनुसार, राहुल सामड का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ टेल्को थाना में वर्ष 2020 और 2022 में चोरी से जुड़े मामले दर्ज हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।


