जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के रामजनम नगर में पुलिस ने छापेमारी कर अवैध हथियार और गोली के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर नाग उर्फ आदित्य नाग (20) और शुभम कुम्हार (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक लोडेड देशी कट्टा, एक जिंदा गोली और एक आईफोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, हथियार को घर के किचन में बर्तनों की ट्रे में छिपाकर रखा गया था।
गुप्त सूचना पर गठित की गई छापेमारी टीम……
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर की रात सूचना मिली थी कि रामजनम नगर के काली मंदिर रोड निवासी समीर नाग अपने एक साथी के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा है। सूचना में उसके पास अवैध देशी कट्टा होने की बात भी सामने आई थी। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।
पुलिस को देखकर घबरा गए दोनों युवक……
छापेमारी टीम जब समीर नाग के घर पहुंची, तो कमरे में दोनों युवक एक साथ बैठे मिले। पुलिस को देखकर वे घबरा गए। इसके बाद तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और गोली बरामद की गई. पुलिस के अनुसार, समीर नाग की पैंट की जेब से सफेद रंग का आईफोन मिला। उसकी निशानदेही पर घर के किचन में बर्तनों की ट्रे में छिपाकर रखा गया लोडेड देशी कट्टा बरामद किया गया। वहीं, शुभम कुम्हार की ट्राउजर पैंट की जेब से एक जिंदा गोली मिली।
आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज……
गिरफ्तार समीर नाग उर्फ आदित्य नाग रामजनम नगर स्थित काली मंदिर रोड का निवासी है, जबकि शुभम कुम्हार भाटिया बस्ती के राज बिहारी पथ का रहने वाला है। इस मामले में कदमा थाना कांड संख्या 121/26 के तहत 28 अक्टूबर 2026 को आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a/26(ii)/35 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है. फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान हथियार के स्रोत और आरोपियों की कथित योजना का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दोनों किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे या नहीं।


