आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संस्थान में एमबीबीएस की निर्धारित सभी 200 सीटों पर नामांकन पूरा हो गया है। करीब दो वर्ष पहले स्थापित इस संस्थान ने कम समय में मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। यहां झारखंड के अलावा देश के विभिन्न राज्यों से भी छात्र-छात्राओं ने नामांकन लिया है. प्रबंधन के अनुसार, सभी सीटों पर नामांकन पूरा होना संस्थान के शैक्षणिक एवं चिकित्सकीय आधारभूत ढांचे और मेडिकल शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों के भरोसे को दर्शाता है।
### गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर प्रशिक्षण पर जोर……
नेताजी सुभाष ग्रुप के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए इसका श्रेय कॉलेज एवं अस्पताल के चिकित्सकों, शिक्षकों और पूरी टीम को दिया। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल एमबीबीएस की सीटें भरना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और बेहतर क्लिनिकल प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल को देश के प्रतिष्ठित मेडिकल संस्थानों की श्रेणी में शामिल करना प्रबंधन का लक्ष्य है। इसके लिए पूरी टीम निरंतर प्रयास कर रही है।
### स्वास्थ्य सेवाओं को भी किया जाएगा मजबूत……
चेयरमैन ने कहा कि संस्थान में झारखंड के साथ देश के विभिन्न हिस्सों से विद्यार्थियों का आना उत्साहजनक है। आने वाले समय में चिकित्सा शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के साथ मरीजों को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूत किया जाएगा. एमबीबीएस की सभी 200 सीटों पर नामांकन पूरा होने के बाद संस्थान के सामने शैक्षणिक गुणवत्ता, क्लिनिकल प्रशिक्षण और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं को निरंतर विकसित करने की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। प्रबंधन का लक्ष्य आने वाले वर्षों में संस्थान को चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।


