देवास (मध्य प्रदेश): अवैध शराब तस्करों का दुस्साहस एक पुलिस अधिकारी की जिंदगी निगल गया। शराब से भरे संदिग्ध ट्रक को पकड़ने निकली पुलिस टीम को उस वक्त बड़ा झटका लगा, जब ट्रक की चपेट में आने से खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की दर्दनाक मौत हो गई। हरदा-नेमावर हाईवे पर हुई इस घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि अवैध शराब से भरा एक ट्रक हरदा से इंदौर होते हुए गुजरात की ओर जा रहा है। इसके बाद देवास एसपी आदित्य मिश्रा ने ट्रक को पकड़ने के लिए पांच से अधिक पुलिस टीमें गठित की थीं। अभियान में कन्नौद, सतवास और खातेगांव के थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।
इसी दौरान हरदा-नेमावर हाईवे पर ट्रक चालक पानी पीने के लिए रुका। मौके पर पहुंचे खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी ने चालक को नीचे उतरने को कहा। इसी बीच दोनों के बीच बहस हुई और चालक ने ट्रक लेकर भागने की कोशिश की। बताया जाता है कि इस दौरान दिलीप पुरी नीचे गिर पड़े और ट्रक का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. दिलीप पुरी वर्ष 2007 बैच के उप निरीक्षक थे। इससे पहले वे इंदौर के हीरानगर और चंदन नगर थानों में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे।
ट्रक जब्त, चालक गिरफ्तार…
घटना के बाद पुलिस ने शराब से लदे ट्रक (एमपी 43 एच 4786) को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में शराब तस्करी के नेटवर्क से हरदा के राहुल जायसवाल समेत देवास के कुछ तस्करों के नाम सामने आने की बात कही जा रही है। सूचना मिलते ही एसपी आदित्य मिश्रा समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क और घटना की जांच में जुटी है।
खाकी की ड्यूटी निभाते हुए गई जान……
अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एक थाना प्रभारी की मौत ने पुलिस महकमे को झकझोर दिया है। कानून के शिकंजे से बचने के लिए भागते तस्करों के कथित दुस्साहस ने एक पुलिस अधिकारी की जिंदगी छीन ली।



