जमशेदपुर : गम्हरिया थाना परिसर में महिला फरियादी से कथित दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में पुलिस प्रशासन की कार्रवाई लगातार तेज हो गई है। एसपी मनोज स्वर्गियारी ने रविवार को नौ और पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। इससे पहले थाना प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई थी। इस तरह दो दिनों के भीतर कुल 15 पुलिसकर्मी निलंबित किए जा चुके हैं। वहीं, निलंबित कर्मियों में एसआई मनोज कुमार साहू और हवलदार संतोष कुमार राय को गिरफ्तार किया गया है।
रविवार को निलंबित किए गए कर्मियों में दो एसआई, चार एएसआई, दो हवलदार और एक आरक्षी शामिल हैं। एसपी के अनुसार, इन पुलिसकर्मियों पर अनुशासनहीनता बरतने और घटना की जानकारी समय पर वरीय अधिकारियों को नहीं देने के आरोप में कार्रवाई की गई है. इधर, थाना प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद राजेश टुडू को गम्हरिया थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने रविवार को कार्यभार संभाल लिया।
एसपी ने थाने पहुंचकर की पूछताछ…..
रविवार को एसपी मनोज स्वर्गियारी स्वयं गम्हरिया थाना पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना में तैनात पुलिसकर्मियों से अलग-अलग बंद कमरे में पूछताछ कर बयान दर्ज किए। एसपी ने स्पष्ट किया कि एसआईटी मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। दोषी पाए जाने वाले किसी भी पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा।
नशे में मिले तो बर्खास्तगी की अनुशंसा
घटना के बाद एसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को 24 घंटे निगरानी रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि ड्यूटी या थाना परिसर में शराब अथवा अन्य नशे की हालत में पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सीधे बर्खास्तगी की अनुशंसा की जाएगी।
महिला फरियादियों के सम्मान पर जोर……
एसपी ने सभी थानों को महिला शिकायतकर्ताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने और उनकी शिकायतें प्राथमिकता के आधार पर दर्ज करने का निर्देश दिया है। पूछताछ के दौरान महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी अनिवार्य होगी। साथ ही किसी महिला फरियादी को अनावश्यक रूप से थाने में बैठाकर रखने पर रोक लगाई गई है।



