लखनऊ : उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्णा ने पत्रकारों के हितों और उनकी सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि प्रिंट, डिजिटल और सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकारों को समाचार संकलन एवं रिपोर्टिंग के दौरान किसी भी प्रकार की अनावश्यक बाधा नहीं पहुंचाई जानी चाहिए. डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों के कार्य में अनावश्यक हस्तक्षेप न किया जाए। पत्रकारों को अपने पेशेवर दायित्वों का निर्वहन करने के दौरान किसी तरह की असुविधा या परेशानी का सामना न करना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया है कि पत्रकारों के काम में बाधा डालने या उनके साथ अनुचित व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों के मामले को गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय की जा सकती है. डीजीपी के इस निर्देश को पत्रकारों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रिपोर्टिंग और उनके कार्यक्षेत्र की सुरक्षा से जोड़कर देखा जा रहा है।




