सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो होटलों में छापेमारी की। इस दौरान करीब 40 से 50 युवक-युवतियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को पिछले कुछ समय से दोनों होटलों में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिल रही थी। इसके बाद विशेष टीम गठित कर होटलों के कमरों और डाइनिंग एरिया की तलाशी ली गई। इस दौरान बिना वैध पहचान पत्र के ठहरने और संदिग्ध परिस्थितियों में मौजूद युवक-युवतियों को हिरासत में लिया गया।
फिलहाल आदित्यपुर थाना पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है। साथ ही होटल के एंट्री रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस होटल संचालकों की भूमिका और किसी संगठित रैकेट की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।




