बेंगलुरु: कर्नाटक में पुजारी द्वारा नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बेंगलुरु के कुनिगल तालुक में विद्या चौडेश्वरी पीठ के पुजारी को एक नाबालिग लड़की से बलात्कार करने के आरोप में गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। अश्लील वीडियो बनाने और उसे ब्लैकमेल करने के आरोप में उसके सहयोगी को भी गिरफ्तार किया गया है। एक 20 वर्षीय महिला की शिकायत के आधार पर विद्या चौडेश्वरी पीठ के बालमंजुनाथ महास्वामीजी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत आरोप दर्ज किए गए हैं।
पीड़िता का आरोप है कि वह 15 साल की उम्र में पुजारी के आश्रम में गई थी। पीड़िता के मुताबिक, पुजारी साल 2017 के बाद से कई बार उसका उत्पीड़न कर चुका है। पीड़िता की मानें तो उस वक्त वह नाबालिग थी। पीड़िता पहली बार अपने पिता के साथ मठ में तब गई थी जब वह 15 साल की थी। पीड़िता स्वास्थ्य समस्याओं का इलाज ढूंढने के लिए पुजारी के पास गई थी। पुजारी ने अष्टमंगला प्रसन्नम नाम का आयोजन किया और उसकी मदद करने के बहाने से उसका यौन उत्पीड़न करता रहा।
पीड़िता ने बताया कि पुजारी वीडियो कॉल में शामिल होने के लिए उसे मजबूर किया करता था। वीडियो कॉल के दौरान पुजारी कपड़े उतारने के लिए कहता। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 376 (बलात्कार), 354 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल) और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। उल्लेखनीय है कि पुजारी ने तुमकुरु साइबर पुलिस में अपने सहायकों के खिलाफ एक शिकायत भी दर्ज कराई है। पुजारी ने आरोप लगाया कि उसके सहायक और पांच अन्य लोगों ने गुप्त रूप से उसके वीडियो बनाए और वीडियो के माध्यम से उसे ब्लैकमेल करके उससे पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहे हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ जबरन वसूली और ब्लैकमेलिंग के अलावा आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
Advertisements

Advertisements

Advertisements

