सरायकेला : जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कला झरना गांव में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में पूजा मीरा नामक महिला की करंट लगने से मौत हो गई. हादसे के वक्त महिला घर पर अकेली थी और किचन में खाना बना रही थी, तभी एक टेबल फैन उसके ऊपर गिर पड़ा जिससे वह बिजली की चपेट में आ गई.

परिजनों ने गंभीर हालत में उसे आनन-फानन में टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
घटना के वक्त घर में अकेली थी मृतका
घटना के वक्त पूजा घर में अकेली थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य शिव मंदिर में पूजा कार्यक्रम में शामिल होने गए हुए थे, उसी दौरान यह दुर्घटना हुई. पूजा का साढ़े तीन साल का बेटा घर में मौजूद था, जिसने मां को गिरे हुए देख तुरंत पड़ोसियों को सूचना दी. पड़ोसियों और परिजनों की मदद से महिला को अस्पताल ले जाया गया.
चार साल पहले हुई थी शादी
पूजा मीरा की शादी चार साल पहले कुणाल पाल से हुई थी. परिवार इस दुखद घटना से स्तब्ध है और गांव में मातम पसरा हुआ है. स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
