जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत टिस्को गेट के आसपास एक कार चालक ने मवेशी को बचाने के प्रयास में अपना नियंत्रण खो दिया और तेज रफ्तार कार सीधे टाटा स्टील की बाउंड्री वॉल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना कार संख्या JH05CE 4111 से जुड़ी है। कार में सवार दो युवक – रोहित कर्मकार और सौरव कुमार – कौशलनगर, सोनारी के निवासी बताए जा रहे हैं।

इस दुर्घटना में रोहित कर्मकार को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सौरव कुमार को मामूली चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अक्सर आवारा मवेशी सड़कों पर घूमते रहते हैं, जिससे ऐसी दुर्घटनाएं आम होती जा रही हैं। पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच में जुट गई है।
