जमशेदपुर : शहर के व्यस्त इलाके आदित्यपुर एम टाइप मेन रोड पर बुधवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब बाइक सवार दो अपराधियों ने आमंत्रण कार्ड देने के बहाने रिटायर्ड सिविल सर्जन डॉ. पृथ्वीराज सिंह के घर में घुसकर उनसे लूटपाट कर ली. अपराधियों ने उनके गले से सोने की चेन और अंगूठी छीन ली और मौके से फरार हो गए।
घटना शाम करीब 4:30 बजे की है। डॉ. सिंह के अनुसार, बाइक पर सवार दो युवक उनके घर आए और डोरबेल बजाई। नौकरानी ने जब दरवाजा खोला, तो उन्होंने कहा कि एक आमंत्रण कार्ड देना है और घर के सदस्य को बुलाने की बात कही। जैसे ही डॉ. सिंह दरवाजे पर पहुंचे, एक युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से चेन खींच ली और दूसरे ने अंगुली से अंगूठी निकाल ली। लूट के बाद दोनों अपराधी तेजी से बाइक पर फरार हो गए। चेन छीनने की कोशिश के दौरान डॉ. पृथ्वीराज सिंह संतुलन खो बैठे और गिर पड़े। हालांकि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है, लेकिन घटना से वह मानसिक रूप से आहत हैं।
घटना के बाद पीड़ित ने आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि लूटपाट की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
