हजारीबागः बकरीद को लेकर हजारीबाग जिला प्रशासन मुस्तैद है. पहली बार झंडा चौक पर जिला प्रशासन ने मॉक ड्रिल कर यह स्पष्ट कर दिया है कि कोई भी व्यक्ति जो नियम कानून तोड़ेगा और अशांति फैलाएगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. मॉक ड्रिक के दौरान लाठीचार्ज, फायरिंग और आंसू गैस के गोले भी दागे गए. बकरीद को लेकर हजारीबाग में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं. जिला प्रशासन ने बंद कमरे से बाहर आकर चौक चौराहे पर मॉक ड्रिल किया. इसके बाद फ्लैग मार्च से स्पष्ट कर दिया कि प्रशासन ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है. कोई भी व्यक्ति जो नियम कानून तोड़ेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
हजारीबाग में पहली बार झंडा चौक पर लगभग आधे घंटे तक पुलिस ने मॉक ड्रिल किया. इस दौरान किस तरह से उपद्रवियों से निपटा जाए इसकी झलक दिखाई गई. पुलिस ने पानी का फव्वारा भी उपद्रवियों पर फेंककर नियंत्रित करने की कोशिश की. जब उपद्रवी नहीं माने तो सांकेतिक रूप से लाठीचार्ज और फायरिंग की गई. आंसू गैस के गोले छोड़ने वाली स्थिति भी दिखाई गई. जिले के उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह और एसपी अंजनी अंजन ने मॉक ड्रिल की अगुवाई की. उपायुक्त ने कहा कि त्योहार आपसी सौहार्द के साथ मनाएं. कोई भी व्यक्ति नियम तोड़ेगा तो उसकी खैर नहीं है.
हजारीबाग एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर बकरीद को लेकर तैयारी कर ली गई है. त्योहार आपसी एकता का प्रतीक है. पर्व के समय कई असामाजिक तत्व शांति व्यवस्था भंग करते हैं. इन्हें स्पष्ट चेतावनी दी है कि नियम कानून भंग ना करें. सोशल मीडिया से लेकर हर एक चौक चौराहों पर त्यौहार के दौरान विशेष नजर बनाई जा रही है. जो भी व्यक्ति कानून तोड़ेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. सुरक्षा किसी भी पर्व की सुंदरता होती है. जिला प्रशासन ने मॉक ड्रिल कर बता दिया कि नियम कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.