JAMSHEDPUR : श्रीनाथ विश्वविद्यालय के छात्र करेंगे अंतरिक्ष विज्ञान पर शोध, दो दिवसीय दौरे पर इंडियन सेंटर फॉर स्पेस फिज़िक्स पश्चिम बंगाल के लिए रवाना. श्रीनाथ यूनिवर्सिटी, जमशेदपुर के भौतिकी विभाग और स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग द्वारा इंडियन सेंटर फॉर स्पेस फिज़िक्स (ICSP) के शैक्षणिक सहयोग से एक विशेष स्काई-वॉचिंग टूर का आयोजन किया गया है, जो छात्रों के लिए अंतरिक्ष के अद्भुत रहस्यों को करीब से देखने का एक दुर्लभ अवसर प्रदान कर रहा है जहां छात्र अंतरिक्ष की रोमांचक और अनछुई पहलुओं पर छात्र शोध करेंगे। छात्रों का यह कार्यक्रम पूर्वी भारत में स्थित सबसे बड़ी 24-इंच व्यास वाली परावर्तक दूरबीन के माध्यम से खगोलीय पिंडों के अवलोकन पर आधारित होगी, जहाँ छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञानियों और इंजीनियरों के मार्गदर्शन में खगोल विज्ञान और अंतरिक्ष भौतिकी की जमीनी समझ विकसित करने का भरपूर अवसर मिलेगा।
इस शैक्षणिक यात्रा का उद्देश्य छात्रों को पुस्तकीय ज्ञान से परे वास्तविक खगोलीय ज्ञान और प्रैक्टिकल एक्सपोजर देना है, जिससे वे ब्रह्मांड के रहस्यों को नज़दीक से समझ सकें। इस यात्रा के दौरान वैचारिक संवाद के श्रीनाथ विश्वविद्यालय के छात्र इंडियन सेंटर फॉर स्पेस फिज़िक्स के वैज्ञानिकों के साथ गहन परिचर्चा में भाग लेंगे। विस्तृत जानकारी देते हुए श्रीनाथ विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. सुदर्शना बनर्जी ने कहा कि यह प्रयास छात्रों में वैज्ञानिक जिज्ञासा को प्रेरित करने और उन्हें भविष्य के अनुसंधान के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह भ्रमण न केवल खगोल विज्ञान के प्रति छात्रों की रुचि को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि विश्वविद्यालय की अनुभवात्मक और शोध-आधारित शिक्षा की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। यह टूर 17 जून को समाप्त होगा जिसके बाद छात्र इसपर एक विस्तृत शोध पत्र तैयार करेंगे।
