जमशेदपुर : चाईबासा के सदर थाना अंतर्गत न्यू कालोनी नीमडीह में अज्ञात अपराधियों ने युवक सुमीत यादव को घर से बुलाकर गोली मार दी हैं, इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा तफरी मच गई है। सुमित यादव रिकवरी एजेंट के रूप में कार्य करता था। युवक के परिजनों ने आनन-फानन में प्राथमिक उपचार के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने जमशेदपुर रेफर कर दिया।

सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है, जहां आस-पास सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ सदर अस्पताल पहुंचकर युवक से पूछताछ करने की कोशिश की गई, लेकिन स्थिति नाजुक रहने के कारण युवक से कोई जानकारी नहीं मिल पाई। परिजनों के अनुसार सुमित के साथ किसी की इतनी बड़ी दुश्मनी नहीं थी कि घर से बुलाकर जान लेने के नियत से गोली मार दे। घर के बाहर गोली की आवाज सुनकर तत्काल ही कुछ लोग निकले तब तक गोली चलाने वाले युवक वहां से भाग चुके थे। देर रात सुमित की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे जमशेदपुर रेफर कर दिया , सर में गोली लगने के कारण सुमित ने जमशेदपुर पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया हैं।
