धनबाद : जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए बायोमैट्रिक उपस्थिति नहीं बनाने वाले 10 पंचायत सचिवों का जुलाई माह का वेतन रोक दिया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के आदेश के बाद यह कार्रवाई की गई है।



सूत्रों के मुताबिक, एग्यारकुंड प्रखंड के 6, बलियापुर के 1, धनबाद के 1, बाघमारा के 1 और गोविंदपुर प्रखंड के 1 पंचायत सचिव पर यह कार्रवाई हुई है। इन सभी पर आरोप है कि उन्होंने पंचायत सचिवालय की बजाय प्रखंड कार्यालय से उपस्थिति दर्ज की और कई बार बायोमैट्रिक उपस्थिति बनाई ही नहीं।
उपायुक्त ने साफ कहा है कि सभी पंचायत सचिवों को अपने-अपने सचिवालय से ही बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज करनी होगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि बिना बायोमैट्रिक उपस्थिति किसी भी कर्मचारी का वेतन भुगतान नहीं होगा, अन्यथा संबंधित कार्यालय प्रधान पर भी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से पंचायत सचिवों में हड़कंप मच गया है और बाकी कर्मियों को भी कड़े निर्देश का पालन करने की चेतावनी मिल गई है।



