जमशेदपुर : जमशेदपुर बारीडीह स्थित मणिपाल मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र दिव्यांशु पांडे ने आत्महत्या कर ली। जिसके विरोध में छात्रों ने कॉलेज का मुख्य गेट जाम कर दिया। छात्रों का आरोप है कि दिव्यांशु पर कॉलेज के ही डॉक्टर विनय द्वारा लगातार मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा था। इसी दबाव और अपमानजनक व्यवहार को सहन न कर पाने की वजह से दिव्यांशु ने गुरुवार देर रात अपने हॉस्टल के कमरे में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।

एआईडीएसओ पूर्वी सिंहभूम जिला सचिव शुभम झा ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में बार-बार इस तरह की घटना निंदनीय है, साथ ही यह शैक्षणिक संस्थाओं के लापरवाही का भी नतीजा है। एआईडीएसओ मांग करता है कि एमबीबीएस के छात्र दिव्यांशु की मौत की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी पाए जाते है उन पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही संगठन यह भी मांग करता है कि शिक्षण संस्थानों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा की गारंटी की जाए।
