CHAIBASA : चाईबासा के पास रविवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ. सुपर साईं सिंचाई विभाग के पास आर्टिगा कार ने बाइक को टक्कर मार दी. इस हादसे में युवक सिपाही बारी की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के मुताबिक, मृतक सिपाही बारी तांतनगर कोकचो का निवासी था और अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से चक्रधरपुर जा रहा था. इस दौरान चाईबासा से आ रही एक आर्टिगा कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.

हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर तड़पने लगे।स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में दोनों को सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सिपाही बारी को मृत घोषित कर दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल युवक की स्थिति नाजुक बताई जा रही है और बेहतर इलाज के लिए उसे जमशेदपुर रेफर कर दिया गया है.
