चाईबासा : लगातार हो रही भारी बारिश के कारण चाईबासा और ओडिशा के क्योंझर जिले की सीमा पर वैतरणी नदी पर निर्माणाधीन कानपुर सिंचाई परियोजना का कॉफर डैम (अस्थायी बांध) टूट गया। घटना के बाद परियोजना प्रबंधन ने एहतियात के तौर पर डैम के छह गेट खोल दिए, जिससे वैतरणी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा. जलस्तर बढ़ने के बाद पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर प्रखंड के वैतरणी नदी किनारे बसे गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने नदी तटीय क्षेत्रों के लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही लोगों को नदी में प्रवेश नहीं करने तथा अनावश्यक रूप से नदी के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। स्थानीय अधिकारियों ने कहा है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा और नदी का जलस्तर और बढ़ा, तो आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा एवं राहत संबंधी कदम उठाए जाएंगे। लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।