ऑपरेशन क्लीन चतरा के तहत पुलिस की कार्रवाई, रांची से अफीम खरीदकर गिद्धौर ले जाने की थी तैयारी
चतरा : जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 1.028 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय ठाकुर उर्फ संतोष कुमार ठाकुर (करीब 40 वर्ष), पिता स्वर्गीय बैजल ठाकुर, निवासी ब्लॉक मोड़, ऊपर टोला, थाना गिद्धौर, जिला चतरा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति रांची से अवैध मादक पदार्थ खरीदकर पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र के ग्राम नावाडीह होते हुए गिद्धौर की ओर जा रहा है। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए छापेमारी दल का गठन किया गया।
इसके बाद पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र के भैलवाड़ा मोड़, नावाडीह के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध संजय ठाकुर को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 1.028 किलोग्राम अवैध अफीम और आईटेल कंपनी का एक कीपैड मोबाइल बरामद किया गया।
इस मामले में पत्थलगड्डा थाना कांड संख्या 63/2026, दिनांक 01 नवंबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(b), 18(b), 21(b), 25, 27, 28 और 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
ऑपरेशन क्लीन चतरा के तहत कार्रवाई
चतरा पुलिस द्वारा नशे के कारोबारियों और तस्करों के खिलाफ ऑपरेशन क्लीन चतरा चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
कार्रवाई में अंचल सह प्रखंड विकास पदाधिकारी उदल राम, पत्थलगड्डा थाना प्रभारी राकेश कुमार, पुलिस पदाधिकारी विकास कुमार, सअनि प्रदीप कुमार सिंह सहित पत्थलगड्डा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।




