मुजफ्फरनगर : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में रविवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में 6 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा तितावी थाना क्षेत्र के अंतर्गत पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर उस समय हुआ, जब हरियाणा के फरीदपुर से हरिद्वार अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की कार एक तेज रफ्तार वाहन से टकरा गई।
मौके पर ही 6 लोगों की मौत…..
इस भीषण हादसे में मौके पर ही तीन पुरुषों और तीन महिलाओं की मृत्यु हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे तुरंत प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने सुनाई भयावह घटना की तस्वीर…..
घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर की आवाज कई मीटर दूर तक सुनाई दी। कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई थी। दुर्घटना के बाद चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। हालांकि, वाहन की गंभीर स्थिति के कारण बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण रहा।घटनास्थल पर पहुंच कर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद परिवारों में कोहराम मच गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया गहरा शोक…..
इस हृदय विदारक घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों को सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराया जाए और परिजनों को हरसंभव प्रशासनिक सहायता प्रदान की जाए।
प्रशासन ने बनाई सहायता टीम, पूरे क्षेत्र में शोक……
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एक विशेष सहायता टीम का गठन किया है, जो पीड़ित परिवारों को सहायता पहुंचा रही है। हादसे के बाद फरीदपुर और तितावी क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। हर आंख नम है और क्षेत्रवासियों में गहरा आक्रोश व दुख व्याप्त है।
