सरायकेला : सरायकेला-खरसावां पुलिस ने नकली विदेशी शराब बनाने वाली एक बड़ी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि मौके से 2000 लीटर से अधिक अवैध विदेशी शराब बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सरायकेला थाना क्षेत्र में चलाए जा रहे अवैध शराब विरोधी अभियान के तहत यह बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सरायकेला थाना से करीब 15 किलोमीटर दूर ग्राम हाथीमारा के पास स्थित एक घर में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर शराब बनाने में लिप्त लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने दो आरोपियों को खदेड़कर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम दीपक नापित (ग्राम पदमपुर) और लुगनी हेम्ब्रम (ग्राम जोजोडीह), दोनों थाना खरसावां, जिला सरायकेला-खरसावां के रहने वाले हैं।
छापेमारी के दौरान विभिन्न ब्रांड की नकली शराब और निर्माण सामग्री की भारी मात्रा बरामद हुई है, जिसमें King Gold, McDowell, Royal Stag, Royal Challenger और Iconic White जैसी ब्रांड की बोतलें, ढक्कन, स्टीकर, ड्रम, पानी टंकी और अन्य उपकरण शामिल हैं। कुल मिलाकर पुलिस ने करीब 2019 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में इस गोरखधंधे में अन्य लोगों की संलिप्तता की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
