लोहरदगा : जिले के सदर थाना क्षेत्र के न्यू रोड स्थित वी मार्ट मॉल के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रांची हरमू निवासी प्रकाश उरांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, प्रकाश उरांव स्कूटी (संख्या JH08J 1786) से शहर की ओर जा रहा था, तभी सामने से आ रहे बॉक्साइट लदे तेज रफ्तार ट्रक (संख्या JH08A 3464) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक कई मीटर तक घसीटता चला गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और स्कूटी जब्त कर ली है, जबकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहरी क्षेत्र में लगातार तेज रफ्तार बॉक्साइट ट्रकों का आवागमन बढ़ गया है, जिससे दुर्घटनाएं आम होती जा रही हैं। लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने और शहरी क्षेत्र में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
