SARAIKELA : आदित्यपुर नगर निगम कार्यालय से कुछ ही दूरी पर अचानक काले धुएं का बादल उठता देख स्थानीय लोगों को समझते देर नहीं लगी कि किसी घर में भयंकर आग लगी है। घटना की सूचना तुरंत आदित्यपुर थाना और फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और आग बुझाने के प्रयास में लग गए। आग कपड़े से भरे कमरे में लगी थी, जिस कारण तेजी से फैलती जा रही थी और उस पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। स्थानीय लोगों की कोशिशें जारी थीं कि इस बीच फायर ब्रिगेड की टीम भी घटनास्थल पर पहुँच गई और आग को नियंत्रित किया गया।

दो मंजिला मकान में आग लगने के दौरान अंदर मौजूद बुजुर्ग, बच्चे और महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
