जमशेदपुर : हल्की ठंड और खुशनुमा मौसम ने शहरवासियों को जुबली पार्क की ओर खींच लिया। सुबह की धूप और हरियाली के बीच पार्क का नज़ारा बेहद मनमोहक दिखाई दिया। परिवारों, बच्चों और युवाओं ने पिकनिक का भरपूर आनंद लिया। सुबह-सुबह पार्क में सैर करने वालों के साथ ही पिकनिक मनाने वालों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कई परिवार गर्म चाय, नाश्ते और रंग-बिरंगी चादरों के साथ अपने-अपने समूह में बैठकर मौसम का लुत्फ उठाते दिखे। बच्चों ने झूले, खेल क्षेत्र और खुले मैदानों में खेलकर छुट्टी का मज़ा दोगुना कर दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ठंड का मौसम शुरू होते ही जुबली पार्क शहर के लोगों की पहली पसंद बन जाता है। रविवार होने के कारण पार्क में रौनक और भी बढ़ी रही। जुबली पार्क प्रशासन ने भी पार्क में सुरक्षा, साफ-सफाई और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा है ताकि पर्यटक और पिकनिक मनाने वाले लोग बिना किसी परेशानी के अपना दिन आनंद से बिता सकें। जुबली पार्क का खूबसूरत नजारा और लोगों की चहल-पहल ने रविवार की सुबह को यादगार बना दिया।
