चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने अवैध हथियार के साथ तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर डकैती और लूट की दो बड़ी घटनाओं का एक साथ खुलासा किया है। इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर चाईबासा बहामन टूटी ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 13 दिसंबर 2025 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी चक्रधरपुर से चाईबासा की ओर एक आल्टो कार में अवैध हथियार के साथ घूम रहे हैं। इसके बाद विशेष छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने ग्राम शारदा के पास कार को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान सरोज बोदरा के पास से एक देशी कट्टा और जिंदा गोली, जबकि कार की डिक्की से एक अन्य देशी कट्टा बरामद किया गया। साथ ही चार मोबाइल फोन, 7200 रुपये नकद और आल्टो कार जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपियों ने 8 दिसंबर को कुमारडुंगी में डकैती और मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
